
देहरादून। राजधानी दून-मसूरी राजमार्ग पर स्थित राष्ट्रपति निकेतन अब प्रदेश के लिए एक नई पहचान बनने जा रहा है। यहां लंदन हाइड पार्क की तर्ज पर एक विश्व स्तरीय हरित पार्क विकसित किया जा रहा है, जो अगले वर्ष से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। करीब 132 एकड़ भूमि में बन रहा यह पार्क प्राकृतिक सौंदर्य, खेल, मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों का एक संगम होगा।
हरियाली के बीच आधुनिक सुविधाओं से लैस पार्क
इस अत्याधुनिक पार्क में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए कई आकर्षक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां साइक्लिंग ट्रैक, जॉगिंग और पैदल पथ, पिकनिक लॉन, बच्चों के खेल क्षेत्र, बहु-गतिविधि जोन, वन प्रकृति पथ और जल सुविधाएं शामिल होंगी। साथ ही आगंतुकों के लिए एम्फीथिएटर, कला प्रदर्शनी केंद्र, घुड़सवारी क्षेत्र, कैफेटेरिया और स्मारिका स्टोर भी बनाए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति सचिवालय ने दी मंजूरी, निर्माण कार्य तेज़ी से जारी
जिलाधिकारी सविन बंसल की ओर से राष्ट्रपति निकेतन और उपवन वाटिका की 132 एकड़ भूमि को सार्वजनिक पार्क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे राष्ट्रपति सचिवालय ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद पार्क निर्माण की रूपरेखा तैयार करने के लिए जनता से भी सुझाव लिए गए, जिन्हें डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) में शामिल किया गया है।
हाल ही में राष्ट्रपति के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन कार्यालय में राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण प्रगति की समीक्षा की।
लंदन हाइड पार्क की तर्ज पर बनेगा ‘ग्रीन सेंटर ऑफ अट्रैक्शन’
देहरादून का यह पार्क लंदन हाइड पार्क (350 एकड़) से प्रेरित है, जो दुनिया के सबसे ऐतिहासिक सार्वजनिक उद्यानों में गिना जाता है। इसी तरह देहरादून का राष्ट्रपति निकेतन पार्क भी हरियाली, स्वास्थ्य, कला और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बनेगा।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि यह परियोजना उत्तराखंड की जनता के लिए एक ऐतिहासिक उपहार होगी। पार्क को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय समुदाय की भागीदारी और पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
राष्ट्रपति निकेतन परिसर जनता के लिए खुला
बता दें कि राष्ट्रपति निकेतन 21 एकड़ क्षेत्र में निर्मित है और इसे 20 जून 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनता के लिए खोला था।
उसी दिन राष्ट्रपति ने इस विश्व स्तरीय पार्क की नींव भी रखी थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अगले वर्ष यह पार्क राष्ट्रपति द्वारा राज्य की जनता को समर्पित किया जाएगा।
लंदन हाइड पार्क: प्रेरणा का प्रतीक
सेंट्रल लंदन स्थित हाइड पार्क वर्ष 1637 में जनता के लिए खोला गया था और आज यह दुनिया के सबसे प्रसिद्ध सार्वजनिक उद्यानों में से एक है। यहां की सर्पेंटाइन झील, स्पीकर्स कॉर्नर, गुलाब उद्यान और दिवंगत राजकुमारी डायना की स्मृति में बना फव्वारा इसके प्रमुख आकर्षण हैं। इसी की तर्ज पर देहरादून में बनने वाला यह पार्क भी प्राकृतिक सुंदरता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक बनेगा।







