
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्र मिलम का दौरा कर चीन सीमा पर तैनात आईटीबीपी जवानों का उत्साह बढ़ाया। सीएम ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा कर रहे ये सैनिक हमारे गौरव का प्रतीक हैं, जो विषम परिस्थितियों में भी दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
सीमांत क्षेत्र में जवानों के साथ सीएम धामी
मुख्यमंत्री धामी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर मुनस्यारी पहुंचे थे। बुधवार सुबह उन्होंने मल्ला जोहार क्षेत्र के मिलम गांव का रुख किया। यह पहला मौका है जब उत्तराखंड का कोई मुख्यमंत्री इस दुर्गम क्षेत्र तक पहुंचा है। सीएम ने आईटीबीपी की पोशाक पहनकर जवानों के साथ समय बिताया और उन्हें सीमाओं की सुरक्षा में निरंतर तत्पर रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा — “हमारे जवान विपरीत परिस्थितियों में भी देश की रक्षा कर रहे हैं, यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।”
मोदी सरकार में सीमांत क्षेत्रों को मिली नई पहचान
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमांत क्षेत्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में आदि कैलाश, गुंजी और ज्योलिंगकांग का दौरा किया था — यह पहला अवसर था जब कोई प्रधानमंत्री भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमा तक पहुंचा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा से न केवल सैनिकों का मनोबल बढ़ा, बल्कि उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों की पर्यटन क्षमता पर भी ध्यान केंद्रित हुआ।
मिलम को बनेगा नया पर्यटन केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अब मिलम को भी साहसिक पर्यटन (Adventure Tourism) और ट्रैकिंग हब के रूप में विकसित करेगी। इससे जिले के पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा — “जिस तरह आदि कैलाश क्षेत्र ने धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से नई पहचान बनाई है, उसी तरह मिलम भी अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर उभर सकता है।”
नंदा देवी मंदिर सौंदर्यीकरण व सामुदायिक भवन की घोषणा
सीएम ने अपने दौरे के दौरान मिलम स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण और बिलजू गांव में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। उनके पहुंचने पर ग्राम प्रधान विनोद नितवाल और बाला सिंह रलमवाल ने ग्रामीणों के साथ मुख्यमंत्री का पारंपरिक स्वागत किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।







