
देहरादून: जौलीग्रांट एयरपोर्ट से बंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6E 6136) में बर्ड हिट की घटना सामने आई। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान के इंजन में पक्षी टकराने से जोर की आवाज आई। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को करीब एक घंटे तक हवा में मंडराने के बाद सुरक्षित वापस एयरपोर्ट पर उतारा।
विमान में थे 170 यात्री
मंगलवार शाम करीब 6:05 बजे इंडिगो फ्लाइट ने बंगलुरु के लिए उड़ान भरी थी। सूत्रों के अनुसार, विमान में करीब 170 यात्री सवार थे। थोड़ी ही देर में इंजन में असामान्य आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और विमान को सुरक्षित लैंडिंग की अनुमति मांगी।
एक घंटे बाद सुरक्षित लैंडिंग
पायलट ने विमान को कुछ देर तक आसमान में घूमते हुए ईंधन संतुलन बनाए रखा, और करीब एक घंटे बाद विमान को देहरादून एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें एयरपोर्ट पर उतार दिया गया।
अन्य उड़ानें भी प्रभावित
घटना के बाद इंडिगो की शाम 5:55 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। साथ ही मुंबई से आने वाली एक अन्य उड़ान, जो शाम 6:20 बजे पहुंचनी थी, उसे भी दिल्ली डायवर्ट किया गया। फिलहाल, देहरादून एयरपोर्ट पर इंडिगो का विमान जांच के लिए खड़ा है, जबकि अन्य उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।







