
देहरादून। राजधानी देहरादून में सरोवर होटल के पास 23 अक्तूबर की शाम को हुआ एक हिट एंड रन हादसा एक परिवार के लिए किसी दुःस्वप्न से कम नहीं है। इस दर्दनाक घटना में 19 वर्षीय प्रज्ञा सिंह, जो उत्तरांचल यूनिवर्सिटी से एलएलबी की पढ़ाई कर रही थी, गंभीर रूप से घायल हो गई। फिलहाल वह कोमा में है और आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
मां की आंखों में बस एक उम्मीद
प्रज्ञा की मां आशा सिंह, जो अपने पति के निधन के बाद तीन बच्चों की अकेले परवरिश कर रही हैं, अब दिन-रात अस्पताल में अपनी बेटी के लिए दुआ कर रही हैं। वह कहती हैं — “मेरी बेटी बहुत होनहार थी। उसका सपना वकील बनकर परिवार का सहारा बनने का था।” अब वही मां अस्पताल के आईसीयू के बाहर बैठकर हर गुजरते पल में बेटी की धड़कनों की खबर ले रही हैं।
हादसा कैसे हुआ
पटेलनगर थानाध्यक्ष चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि यह मामला पूरी तरह से हिट एंड रन का है। घटना शाम 4 से 4:20 बजे के बीच की है, जब प्रज्ञा दिल्ली से बस से उतरकर पैदल घर की ओर जा रही थी। उसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मारी और चालक गाड़ी समेत फरार हो गया। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपी चालक की पहचान हो सके।
हादसे ने तोड़ दिया परिवार
आशा सिंह बताती हैं कि हादसे ने उनके परिवार की दुनिया बिखेर दी है। उनका 13 साल का सबसे छोटा बेटा अब भी सदमे में है और घर पर अकेला रह गया है। वह दिन-रात अस्पताल और थाने के बीच दौड़-भाग में लगी हैं, ताकि बेटी को न्याय मिल सके और उसकी जान बचाई जा सके।
जांच जारी, पुलिस को सीसीटीवी से उम्मीद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना स्थल के पास लगे कैमरों की फुटेज से गाड़ी की पहचान की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा। वहीं, प्रज्ञा की हालत में अभी सुधार नहीं हुआ है। डॉक्टरों का कहना है कि आने वाले कुछ दिन उसके लिए बेहद अहम हैं।






