
ऋषिकेश: गढ़वाल मंडल में बुधवार को परिवहन महासंघ द्वारा बुलाए गए चक्काजाम का व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही शहर की सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। ई-रिक्शा, ऑटो और विक्रमों का संचालन पूरी तरह ठप होने से बाजारों में आवाजाही लगभग थम गई।
चक्काजाम के कारण पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्री घंटों परेशान रहे। निजी वाहन और टैक्सियां सड़कों से गायब रहीं, जिससे आमजन को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। कई लोग बस अड्डों पर अपने गंतव्यों के लिए वाहनों का इंतजार करते दिखाई दिए।
हालांकि, रोडवेज की कुछ बसें संचालित होती रहीं, जिससे यात्रियों को आंशिक राहत मिली। रोडवेज विभाग ने सीमित रूटों पर बस सेवा जारी रखी ताकि आवश्यक यात्रा करने वालों को दिक्कत न हो।
परिवहन महासंघ से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर प्रशासन को पहले ही अवगत करा दिया गया था, लेकिन समाधान न मिलने पर यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।







