
देहरादून। नेहरू कालोनी क्षेत्र के धर्मपुर में एक बिल्ली के बच्चों को लेकर परिजनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। युवती ने अपने चाचा-चाची और तीन भाइयों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांचों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बिल्ली के बच्चों से शुरू हुआ विवाद
शिकायतकर्ता रश्मी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 मार्च को एक बिल्ली अपने दो बच्चों को लेकर उनके घर आई और बाद में बच्चों को वहीं छोड़कर चली गई। रश्मी ने बताया कि वह उन बिल्ली के बच्चों की देखभाल कर रही थी।
लेकिन उसी मकान में रहने वाले चाचा उमेश और चाची सुमन, जिनका घर अलग है लेकिन आंगन साझा है, उन्हें बिल्ली के बच्चों से परेशानी थी।
स्कूटी की डिग्गी में बंद कर ले गए बिल्ली के बच्चे
रश्मी के अनुसार, उनके चाचा उमेश ने बिल्ली के बच्चों को स्कूटी की डिग्गी में बंद कर कहीं दूर छोड़ दिया। जब रश्मी ने इस बात का विरोध किया तो उनके चाचा-चाची और उनके तीन बेटों ने घर में घुसकर धमकाने और मारने की कोशिश की।
युवती का कहना है कि इस घटना के बाद उसके परिवार को जान का खतरा महसूस हो रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।







