
यमकेश्वर: यमकेश्वर क्षेत्र में शुक्रवार को गैस सिलिंडरों की नई खेप पहुंचने से उपभोक्ताओं को राहत मिली। यमकेश्वर गैस एजेंसी में ज्वालापुर से 288 भरे घरेलू गैस सिलिंडर लेकर वाहन पहुंचा, जिसके बाद एजेंसी में गैस की उपलब्धता सामान्य हो गई।
जानकारी के अनुसार इससे पहले 28 फरवरी को भी ज्वालापुर से 288 सिलिंडर लेकर गैस वाहन एजेंसी पहुंचा था। उसके बाद से एजेंसी में गैस की नई आपूर्ति नहीं आई थी। आमतौर पर यमकेश्वर गैस एजेंसी में महीने में चार से पांच बार गैस सिलिंडरों की सप्लाई ज्वालापुर से की जाती है।
क्षेत्र में गैस की कमी का ज्यादा असर नहीं
यमकेश्वर क्षेत्र में गैस की कमी का असर अपेक्षाकृत कम देखा गया है। स्थानीय स्तर पर छोटे बाजारों और घरों में गैस की खपत कम होने के कारण एजेंसी के पास पर्याप्त स्टॉक होने का दावा किया गया था। इसी कारण अन्य क्षेत्रों की तुलना में यहां उपभोक्ताओं को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
हजारों उपभोक्ताओं को एजेंसी से मिलती है गैस
यमकेश्वर गैस एजेंसी के अंतर्गत क्षेत्र में लगभग पांच हजार घरेलू गैस कनेक्शन हैं, जबकि करीब 70 व्यवसायिक कनेक्शन भी एजेंसी से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा अन्य वितरकों के भी यमकेश्वर विकासखंड में कई गैस कनेक्शन पंजीकृत हैं।
स्थानीय प्रतिक्रिया
यमकेश्वर गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि फिलहाल एजेंसी के पास पर्याप्त गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं। शुक्रवार को लगभग एक दर्जन सिलिंडर की बिक्री हुई।
उन्होंने बताया कि अब उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के लिए अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से मिस कॉल करनी होगी। इसके बाद मिलने वाला ओटीपी डिलीवरी मैन को बताकर गैस सिलिंडर प्राप्त किया जा सकेगा।





