
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में भव्य रजत जयंती समारोह मनाया जाएगा। इस अवसर पर 1 से 9 नवंबर तक विभिन्न जिलों में राज्यस्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समारोह को सफल बनाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि बीते 25 वर्षों में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यटन, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान प्रदर्शनी में पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों के साथ-साथ अगले 25 वर्षों का विकास रोडमैप भी प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में श्रमिकों, किसानों, पूर्व सैनिकों और महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि यह आयोजन पूरे प्रदेश की भागीदारी का प्रतीक बने।
रजत जयंती समारोह के दौरान हर दिन अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियां और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनाई, आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनय शंकर पांडेय, दीपेंद्र कुमार चौधरी, डॉ. सुरेंद्र नारायण पांडेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत और धीराज सिंह गर्ब्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







