
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने संयुक्त चिकित्सा सेवा (CMS) परीक्षा 2025 और इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा (ESE) के साक्षात्कार कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, जिन उम्मीदवारों को व्यक्तित्व परीक्षण (Personality Test) के लिए योग्य घोषित किया गया है, वे आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर पूरा विवरण देख सकते हैं।
CMS साक्षात्कार कार्यक्रम
संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा (CMS) 2025 का व्यक्तित्व परीक्षण 13 अक्तूबर से 21 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। पूर्वाह्न सत्र के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 09:00 बजे और अपराह्न सत्र के लिए 01:00 बजे तय किया गया है। इस साक्षात्कार के लिए कुल 2,045 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
ESE साक्षात्कार कार्यक्रम
इंजीनियरिंग सर्विसेज (मुख्य) परीक्षा 2025 का पर्सनैलिटी टेस्ट भी 13 अक्तूबर से शुरू होगा। सुबह का सत्र 09:00 बजे और दोपहर का सत्र 01:00 बजे आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए कुल 1,376 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है।
ई-समन पत्र और यात्रा भत्ता
UPSC ने बताया कि साक्षात्कार के लिए ई-समन पत्र जल्द ही वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। उम्मीदवार इन्हें डाउनलोड कर सकेंगे। इंटरव्यू में उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा व्यय की प्रतिपूर्ति दी जाएगी, लेकिन यह केवल दूसरी श्रेणी या स्लीपर क्लास ट्रेन टिकट तक सीमित होगी। अन्य श्रेणियों से की गई यात्रा का भुगतान आयोग के नियमों के अनुसार ही किया जाएगा।
DAF जमा करना अनिवार्य
आयोग ने सभी उम्मीदवारों को यह भी याद दिलाया है कि उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना DAF (Detailed Application Form) जमा करना अनिवार्य है। यदि कोई अभ्यर्थी DAF अंतिम रूप से जमा नहीं करता, तो उसकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी और ई-समन पत्र भी जारी नहीं होगा। इस संबंध में जानकारी पहले ही 04 सितंबर 2025 को घोषित CMS लिखित परीक्षा के परिणाम नोटिस में दी गई थी।
साक्षात्कार शेड्यूल कैसे देखें?
उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आसानी से इंटरव्यू कार्यक्रम देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें होमपेज पर दिए गए “UPSC CMS 2025 साक्षात्कार अनुसूची” लिंक पर क्लिक करना होगा। लिंक पर क्लिक करने के बाद एक PDF फाइल खुलेगी, जिसमें तिथियों और समय का पूरा विवरण होगा। उम्मीदवार इसे डाउनलोड कर आगे के लिए सुरक्षित रख सकते हैं।







