
टिहरी: श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के कुल 63 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी की है।
इच्छुक अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से 10 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी 24 अप्रैल तक विश्वविद्यालय मुख्यालय में जमा करनी होगी।
लंबे समय से शिक्षकों की कमी से प्रभावित थीं गतिविधियां
विश्वविद्यालय में काफी समय से शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की कमी बनी हुई है, जिसके कारण शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। छात्र संगठन भी लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे थे।
अब विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने से छात्रों और विभागों को राहत मिलने की उम्मीद है।
किन पदों पर होगी भर्ती
जारी विज्ञप्ति के अनुसार विश्वविद्यालय में कुल 63 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें असिस्टेंट प्रोफेसर के 41 पद, जबकि एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के 11-11 पद शामिल हैं।
वाणिज्य संकाय में सबसे अधिक पद
असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों में सबसे अधिक 6 पद वाणिज्य संकाय के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा भौतिक विज्ञान विभाग में 5, जंतु विज्ञान में 4 तथा अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, रसायन विज्ञान, गणित और वनस्पति विज्ञान में 3-3 पदों पर भर्ती की जाएगी। अन्य विभागों में भी एक और दो पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की भर्ती भी जल्द
विश्वविद्यालय प्रशासन ने संकेत दिया है कि जल्द ही शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पहले चरण में करीब 26 पदों पर नियुक्ति की योजना तैयार की जा रही है।
कुछ पदों पर वेतन विसंगतियों के कारण प्रक्रिया रुकी हुई है। इस संबंध में विश्वविद्यालय ने शासन से सुझाव मांगा है। वेतन से जुड़ी समस्याएं दूर होते ही इन पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
अधिकारी ने क्या कहा
विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश चंद्र ने बताया कि असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के कुल 63 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी गई है और सभी औपचारिकताएं पूरी कर नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाएगा।







