
ऋषिकेश: तीर्थ नगरी में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को गम और अविश्वास में डुबो दिया है। हनुमंतपुरम गंगानगर क्षेत्र में 84 वर्षीय बुजुर्ग के निधन के कुछ ही क्षण बाद उनके पुत्र ने भी पिता के वियोग में प्राण त्याग दिए। पिता-पुत्र की एक साथ निकली अर्थी ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया।
बीमार पिता का एम्स में इलाज चल रहा था
हनुमंतपुरम गंगानगर ऋषिकेश के लेन नंबर 4 निवासी वेद प्रकाश कपूर (84 वर्ष) लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पिछले एक महीने से उनका एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा था। परिजनों के अनुसार, वेद प्रकाश कपूर का स्वास्थ्य लगातार गिरता जा रहा था और बुधवार को उनका इलाज के दौरान निधन हो गया।
परिजन जब उनका शव एम्स से घर लाए, तो घर का माहौल पूरी तरह शोकमग्न हो गया।
पिता का शव देखते ही पुत्र का निधन
परिजनों के अनुसार, वेद प्रकाश कपूर के पुत्र सचिन कपूर (45 वर्ष) अपने पिता की बीमारी के दौरान लगातार उनकी सेवा और देखभाल में जुटे हुए थे। जैसे ही पिता का शव घर लाया गया, सचिन कपूर गहरे सदमे में आ गए और अचानक घर में ही गिर पड़े।
परिजनों ने जब तक उन्हें उठाया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने जांच करने के बाद सचिन को मृत घोषित कर दिया।
श्रवण कुमार जैसी निस्वार्थ सेवा
स्थानीय लोगों ने बताया कि सचिन कपूर अपने पिता के प्रति श्रवण कुमार जैसी भक्ति और लगन से सेवा करते थे। उन्होंने पिछले एक माह तक अस्पताल में रहकर पिता की देखभाल की थी। पिता की मृत्यु उनके लिए असहनीय साबित हुई।
एक साथ पिता-पुत्र की अर्थियां उठीं तो पूरे मोहल्ले की आंखें नम हो गईं। लोगों ने कहा कि यह दृश्य हर किसी के दिल को छू गया।
इलाके में पसरा मातम, पार्षद ने जताया दुख
घटना के बाद हनुमंतपुरम और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। गंगानगर विकास मंच ने पिता-पुत्र की असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया।
पार्षद संध्या बिष्ट गोयल ने कहा —
“यह अत्यंत दुखद घटना है। सचिन जी पिता के प्रति समर्पण और सेवा के प्रतीक थे। इस दुःख की घड़ी में पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।”
परिवार में अब सचिन की पत्नी और एक पुत्र हैं, जो गहरे सदमे में हैं।
Rishikesh News इस दर्दनाक घटना से जुड़े अपडेट्स और परिवार को दी जा रही सामाजिक सहायता की जानकारी आगे भी साझा करता रहेगा। यदि आपके क्षेत्र में कोई समाचार या सामाजिक पहल हो तो हमें भेजें — 📩 rishikeshnews.com@gmail.com







