अक्टूबर 2025: ज्योतिषीय दृष्टि से खास महीना
अक्टूबर 2025 का महीना ग्रहों की बड़ी हलचल लेकर आ रहा है। इस दौरान कई प्रमुख ग्रह अपनी स्थिति बदलेंगे और अलग-अलग राशियों में प्रवेश करेंगे। इन ग्रह परिवर्तनों का असर सीधे तौर पर करियर, धन, शिक्षा, स्वास्थ्य और वैवाहिक जीवन पर पड़ेगा।
आइए जानते हैं अक्टूबर 2025 में होने वाले प्रमुख ग्रह गोचर और उनसे जुड़ी ज्योतिषीय संभावनाएं।
2 अक्टूबर – बुध का उदय कन्या राशि में
अक्टूबर की शुरुआत बुध ग्रह के उदय से होगी। 2 अक्तूबर की शाम 5:25 बजे बुध कन्या राशि में उदित होंगे।
- कन्या का स्वामी स्वयं बुध है, इसलिए यह स्थिति विशेष रूप से शिक्षा, व्यवसाय और संचार क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए लाभकारी होगी।
- निर्णय क्षमता मजबूत होगी और नए कार्यों की शुरुआत का यह समय शुभ रहेगा।
3 अक्टूबर – बुध का तुला में प्रवेश
3 अक्टूबर की सुबह 3:36 बजे बुध तुला राशि में प्रवेश करेंगे।
- तुला का स्वामी शुक्र है, जो कला, सौंदर्य और संबंधों का कारक है।
- वैवाहिक जीवन और पार्टनरशिप में सामंजस्य बढ़ेगा।
- कला, मीडिया और कूटनीति से जुड़े लोगों को विशेष लाभ होगा।
9 अक्टूबर – शुक्र का कन्या में गोचर
9 अक्टूबर की सुबह 10:38 बजे शुक्र कन्या राशि में प्रवेश करेंगे।
- कन्या में शुक्र नीच का होता है, जिससे प्रेम संबंध और वैवाहिक जीवन में चुनौतियां आ सकती हैं।
- खर्च बढ़ सकता है, इसलिए आर्थिक मामलों में सावधानी जरूरी है।
17 अक्टूबर – सूर्य का तुला में गोचर
17 अक्टूबर दोपहर 1:36 बजे सूर्य तुला राशि में प्रवेश करेंगे।
- तुला में सूर्य नीच का होता है, जिससे आत्मविश्वास में कमी, विवाद और अहंकार बढ़ सकता है।
- नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठों से तालमेल बनाकर चलना होगा।
- धैर्य और आत्मनियंत्रण बनाए रखना इस समय बेहद आवश्यक है।
19 अक्टूबर – गुरु का कर्क में आगमन
19 अक्टूबर को दोपहर 12:57 बजे बृहस्पति (गुरु) कर्क राशि में प्रवेश करेंगे।
- गुरु यहां उच्च के होते हैं, इसलिए यह स्थिति बेहद शुभ मानी जाती है।
- शिक्षा, संतान, धन और भाग्य से जुड़े मामलों में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
- धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी।
24 अक्टूबर – बुध का वृश्चिक में प्रवेश
24 अक्टूबर दोपहर 12:25 बजे बुध वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे।
- संवाद शैली गहरी और रहस्यमयी होगी।
- शोध, अनुसंधान और गुप्त विद्याओं से जुड़े लोगों के लिए यह समय विशेष सफलतादायी रहेगा।
27 अक्टूबर – मंगल का वृश्चिक में प्रवेश
27 अक्टूबर दोपहर 2:43 बजे मंगल अपने स्वगृही वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे और 7 दिसंबर तक यहीं रहेंगे।
- यह स्थिति ऊर्जा, साहस और पराक्रम को बढ़ाएगी।
- हालांकि गुस्से और आवेश पर नियंत्रण रखना बेहद आवश्यक होगा।
अक्टूबर 2025 ज्योतिषीय दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा। जहां गुरु का उच्च स्थान में प्रवेश शुभ परिणाम देगा, वहीं सूर्य और शुक्र के नीच भाव में आने से कुछ चुनौतियां भी सामने आएंगी। यह महीना करियर, शिक्षा, संबंधों और वित्तीय मामलों में उतार-चढ़ाव से भरा रह सकता है।
डिस्क्लेमर (Disclaimer):
यहां दी गई जानकारी ज्योतिषीय गणनाओं और मान्यताओं पर आधारित है। पाठकों को इसे सामान्य जानकारी के रूप में ही लेना चाहिए।