
देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। महिलाओं ने खाली गैस सिलिंडर रखकर और चूल्हा जलाकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान महंगाई और गैस आपूर्ति में कमी को लेकर जोरदार नारेबाजी भी की गई।
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ता जुलूस के रूप में प्रेमनगर बाजार तिराहे तक पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने गैस की कमी और बढ़ती कीमतों के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना था कि रसोई गैस की नियमित आपूर्ति नहीं होने से घरों में खाना बनाना मुश्किल हो रहा है।
महंगाई से बिगड़ रहा परिवारों का बजट
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी ने कहा कि घरेलू गैस की आपूर्ति में लगातार कमी आ रही है, जिसका सीधा असर आम परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस सिलिंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट भी बिगड़ गया है।
महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष रश्मि देवराड़ी ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और गैस की किल्लत से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में परेशानी हो रही है।
स्थानीय प्रतिक्रिया
प्रदर्शन को विश्वकर्मा समाज के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम पांचाल ने भी समर्थन दिया। इस दौरान कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं और सरकार से गैस आपूर्ति की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन में विजय लक्ष्मी, उर्मिला, ज्योति, प्रभा जोशी, हेमा रावत, सरिता कैंतुरा, रेखा, मंजू पंवार, शांति देवी, रजनी देवी, आशा देवी और बसंती सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।







