
हरिद्वार: प्रसिद्ध हर की पैड़ी क्षेत्र में बुधवार को यात्रियों को टीका लगाने के दौरान तीन महिलाओं के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तीनों महिलाओं को पहचान कर चौकी बुलाया और कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, घंटाघर घाट क्षेत्र में तीन महिलाएं श्रद्धालुओं से टीका लगाने को लेकर आपस में भिड़ गईं। देखते ही देखते वहां मौजूद श्रद्धालु और राहगीर तमाशबीन बन गए, जबकि किसी ने इस झगड़े का वीडियो बना लिया। कुछ ही देर में यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों महिलाओं को तत्काल चौकी लाया गया। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। पुलिस ने उन्हें सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि धार्मिक स्थल की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। तीनों महिलाओं के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान किया गया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जैसे धार्मिक स्थल पर इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है और ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







