
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने विभिन्न विभागों में प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी कर दी है। कुल 56 रिक्त पदों के लिए योग्य उम्मीदवार 7 अक्तूबर 2025 से 21 अक्तूबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन DU के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
आवेदन के लिए पात्रता
प्रोफेसर पद: उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में पीएच.डी. डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा, मास्टर डिग्री में न्यूनतम 55% अंक और कम से कम 10 वर्षों का शिक्षण या अनुसंधान अनुभव होना चाहिए। प्रोफेसर के लिए कम से कम 10 शोध प्रकाशन और UGC के मानदंडों अनुसार 120 शोध अंक आवश्यक हैं।
एसोसिएट प्रोफेसर पद: इस पद के लिए भी पीएच.डी. अनिवार्य है और मास्टर डिग्री में न्यूनतम 55% अंक होना चाहिए। उम्मीदवार के पास कम से कम 8 वर्षों का शिक्षण या अनुसंधान अनुभव होना चाहिए, साथ ही 7 शोध प्रकाशन और UGC के अनुसार 75 शोध अंक होना आवश्यक हैं।
आवेदन शुल्क
उम्मीदवारों के वर्ग के अनुसार आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। सामान्य श्रेणी के लिए 2000 रुपये, ओबीसी, EWS और महिलाओं के लिए 1500 रुपये, SC/ST उम्मीदवारों के लिए 1000 रुपये और दिव्यांगजन केवल 500 रुपये में आवेदन कर सकते हैं।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन शैक्षणिक एवं अनुसंधान स्कोर के आधार पर किया जाएगा। न्यूनतम मानदंडों को पूरा करने वाले उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा और इसके बाद उन्हें अकादमिक प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। अंतिम चयन विशेषज्ञ चयन समिति के समक्ष साक्षात्कार के बाद किया जाएगा।
यह भर्ती अवसर योग्य शिक्षाविदों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय में अपने करियर को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मौका है।







