
चमोली: चमोली जिले में पीपलकोटी के सामने स्थित राम पर्वत पर लगी जंगल की आग तीसरे दिन भी पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी है। आग लगातार फैलते हुए अब संरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंच गई है, जिससे वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
कार्यालय और एमुनेशन भंडार के पास तक पहुंची आग
जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम जंगल की आग सीआईएसएफ के कार्यालय और टीएचडीसी की कार्यदायी संस्था एचसीसी कंपनी के अस्त्र-शस्त्र रखने के भंडार के करीब तक पहुंच गई थी। आग के तेजी से फैलने के कारण वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हालांकि सूचना मिलने पर गोपेश्वर से अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग को कार्यालय और भंडार तक पहुंचने से रोक दिया।
शनिवार शाम अचानक भड़की थी आग
पीपलकोटी के सामने राम पर्वत पर शनिवार देर शाम अचानक आग भड़क उठी थी। सोमवार को भी पूरे दिन जंगल में आग धधकती रही, जिससे बड़ी मात्रा में वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आकर राम पर्वत का बड़ा हिस्सा जल चुका है।
फायर लाइन बनाकर रोकने की कोशिश
दमकल टीम ने जहां तक पाइप पहुंच सका वहां तक पानी डालकर आग बुझाई। अन्य हिस्सों में फायर लाइन बनाकर आग को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की गई।
वन विभाग की टीमें जुटीं
केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की गोपेश्वर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी भरत सिंह नेगी ने बताया कि आग अब संरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंच गई है। वन विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में लगी हुई हैं।






