
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय में सोमवार रात करीब 10 बजकर 05 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। झटकों के बाद जिला कंट्रोल रूम की ओर से तत्काल मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून को दूरभाष के माध्यम से सूचना दी गई। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप की तीव्रता बहुत कम होने के कारण यह सिस्टम पर दर्ज नहीं हो सका।
प्रशासन की कार्रवाई
कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही जिले की सभी तहसीलों से स्थिति की जानकारी ली गई। प्रशासन ने एहतियातन सभी क्षेत्रों में संपर्क कर हालात का जायजा लिया, ताकि किसी भी संभावित नुकसान की पुष्टि की जा सके।
तहसीलों से मिली जानकारी
तहसील चिन्यालीसौड़, डुंडा, भटवाड़ी, मोरी, पुरोला और बड़कोट से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस नहीं किए गए। सभी स्थानों पर जनजीवन सामान्य बताया गया है।
नुकसान की कोई सूचना नहीं
प्रशासन के अनुसार जनपद के किसी भी क्षेत्र से जान-माल के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सभी तहसील क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह कुशल है।
सतर्कता बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और आपात स्थिति में ही कंट्रोल रूम से संपर्क करें। भूकंप जैसी घटनाओं को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।







