
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम को लेकर जारी पूर्वानुमानों के बावजूद फिलहाल गर्मी का असर बढ़ता दिखाई दे रहा है। मैदान से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक दिन ही नहीं, रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का अहसास होने लगा है।
हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी दिनों में पर्वतीय जिलों में मौसम बदलने की संभावना जताई है।
पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के संकेत
मौसम विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 10 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। खास तौर पर 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक बताई गई है।
देहरादून में सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा तापमान
सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से लगभग 5 डिग्री ज्यादा बढ़कर 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
पहाड़ी क्षेत्रों में भी बढ़ा तापमान
पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में भी तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 9 डिग्री अधिक बढ़कर 25.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल तापमान में यह बढ़ोतरी जारी रह सकती है, हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी से मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।





