देहरादून: गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे उत्तराखंड परिवहन निगम प्रबंधन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। निगम का कहना है कि सभी का सामूहिक योगदान ही वेतन भुगतान और अन्य वित्तीय दिक्कतों को दूर कर सकता है।
निगम का बयान
निगम के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने मंगलवार को सभी मंडलीय प्रबंधकों व अधिकारियों को पत्र जारी किया। इसमें कहा गया कि पिछले महीनों में अत्यधिक बारिश, प्राकृतिक आपदा और मार्ग बंद होने जैसे कारणों से बस संचालन प्रभावित रहा। इस वजह से निगम की वित्तीय स्थिति अत्यंत खराब हो गई और कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा। मार्च और उसके बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयक भी लंबित हैं।
पीक सीजन में यात्री संख्या बढ़ने की संभावना
क्रांति सिंह ने बताया कि दशहरा और दिवाली के दौरान बस स्टेशनों और मार्गों पर यात्रियों की संख्या अत्यधिक बढ़ सकती है। इससे निगम की आय बढ़ेगी। इसलिए यह निर्णय लिया गया है कि अपरिहार्य कारणों को छोड़कर किसी भी अधिकारी, उपाधिकारी या कर्मचारी की अवकाश स्वीकृति नहीं दी जाएगी।
निगम प्रबंधन ने सभी से आग्रह किया है कि इस समय वे अपने पूर्ण योगदान के साथ काम करें ताकि निगम की वित्तीय स्थिति सुधार सके और कर्मचारियों के वेतन समय पर दिए जा सकें।