
देहरादून/गुजरात: डीजी-आईजी सम्मेलन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा और पुलिस प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड पुलिस के पांच अधिकारियों की टीम को गुजरात के नर्मदा जिले के केवड़िया भेजा गया है।
यह टीम पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भेजी गई है। टीम में शामिल हैं —
- पुलिस उपाधीक्षक अभिनय चौधरी
- पुलिस उपाधीक्षक नताशा सिंह
- निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल
- उपनिरीक्षक बरखा कन्याल
- उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट
यह दल “राष्ट्रीय एकता दिवस” के अवसर पर आयोजित भव्य एकता परेड के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं, भीड़ नियंत्रण, वीवीआईपी सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का विस्तृत अध्ययन करेगा।
उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में केवड़िया (गुजरात) में इस वर्ष भव्य “एकता परेड” का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर से राज्य पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों और अर्द्धसैनिक बलों के करीब 4200 अधिकारी-कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
डीजी दीपम सेठ ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजन पुलिस अधिकारियों के लिए सीखने का बड़ा अवसर होते हैं। उन्होंने कहा,
“इन आयोजनों से सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की बारीकियों को समझने का मौका मिलता है, साथ ही विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय और कार्यकुशलता भी बढ़ती है।”
डीजी ने यह भी बताया कि इस अध्ययन दौरे से मिलने वाले अनुभवों को उत्तराखंड में होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों में ‘Best Practices’ के रूप में अपनाया जाएगा, जिससे राज्य की पुलिस व्यवस्था और जनसेवा क्षमता और अधिक प्रभावी बन सके।







