
देहरादून: देशभर के साथ उत्तराखंड में भी 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक उत्सव भी मनाया गया। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास और लोकभवन में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और संविधान, लोकतंत्र तथा विकास के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव
सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री आवास में पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद 9.30 बजे लोकभवन में गुरमीत सिंह ने तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत मुख्यमंत्री ने सीएम आवास के कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई और प्रदेश व देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल का संदेश
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन अमृत काल में संकल्प और प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
भारत की आर्थिक प्रगति पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप संस्कृति, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा और सैन्य शक्ति के क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘डिजिटल इंडिया’ अभियानों से भारत वैश्विक सप्लाई चेन में भरोसेमंद भागीदार बन चुका है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
समान नागरिक संहिता और महिला सशक्तीकरण
राज्यपाल ने कहा कि समान नागरिक संहिता के माध्यम से उत्तराखंड ने संविधान निर्माताओं के सपने को साकार किया है। यूसीसी से उत्तराधिकार, विवाह और अन्य सामाजिक विषयों में समानता को बल मिला है, जिससे महिलाओं को सुरक्षा और समानता का कानूनी आधार मिला है। उन्होंने कहा कि तकनीक लक्ष्य नहीं, बल्कि मानव जीवन को सरल, सुरक्षित और सशक्त बनाने का साधन है।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, संविधान निर्माताओं और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान के मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे—के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है।
विकसित राष्ट्र के संकल्प पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने और देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताने से प्रदेशवासियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।







