
देहरादून: देहरादून में नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभालने के बाद प्रमेन्द्र डोबाल ने प्रशासनिक स्तर पर पहला बड़ा फैसला लेते हुए पुलिस विभाग में तबादलों की सूची जारी कर दी है। देर रात जारी आदेशों में रायवाला कोतवाली और रानीपोखरी थाने के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
रानीपोखरी को मिला नया थानाध्यक्ष
जारी आदेश के अनुसार रायवाला कोतवाली में तैनात प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र खोलिया को अब रानीपोखरी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें रानीपोखरी का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं, रानीपोखरी के मौजूदा थानाध्यक्ष विकेंद्र चौधरी को पुलिस कार्यालय देहरादून में तैनाती दी गई है।
रायवाला में नई नियुक्ति का इंतजार
जानकारी के मुताबिक रायवाला कोतवाली में फिलहाल प्रभारी निरीक्षक की नई तैनाती नहीं की गई है। सूत्रों का कहना है कि यहां किसी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी को जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस महकमे में और फेरबदल के संकेत
एसएसपी द्वारा जारी यह पहली तबादला सूची पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विभाग में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।






