देहरादून में श्रोत महोत्सव 2025 का भव्य आगाज

देहरादून में श्रोत महोत्सव 2025 का भव्य आगाज, पंकज त्रिपाठी ने वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया

देहरादून: परेड ग्राउंड में श्रोत महोत्सव 2025 का रंगारंग आगाज हो गया है। 7 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक चलने वाले इस सांस्कृतिक और हस्तशिल्प महोत्सव में देशभर के 100 से अधिक कारीगरों, कलाकारों और स्वयं सहायता समूहों को एक मंच मिलेगा।

इस महोत्सव का उद्घाटन प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “वोकल फॉर लोकल” मुहिम को आगे बढ़ाने की अपील की। पंकज त्रिपाठी ने कहा कि हमें मशीनों से नहीं बल्कि हाथ से बनी वस्तुओं को अपनाना चाहिए, ताकि कारीगरों के कौशल और पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा मिले।

उद्घाटन के बाद जौनसारी गीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि राजस्थान के लोक संगीत उस्ताद पद्मश्री अनवर खान की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।

तारा जोशी फाउंडेशन की सचिव किरन जोशी ने बताया कि महोत्सव के दौरान लोग लोक और फ्यूजन संगीत का आनंद ले सकेंगे। इस बार कलाकारों में रूहान भारद्वाज, विक्की चौहान, भक्त चरण सिंह चौधरी जैसे नाम शामिल हैं, जो पहाड़ी ढोल दमाऊ शैली में प्रस्तुति देंगे।

इसके अलावा महोत्सव में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, वैदिक गणित और ओपन माइक पोएट्री जैसे कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। विभिन्न राज्यों से आए कारीगर हथकरघा, जनजातीय शिल्प, आभूषण, मिट्टी के बर्तन और गृह सज्जा के सामान का भव्य प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव में गरबा और डांडिया नाइट्स का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे उत्सव का माहौल और जीवंत बनेगा।

महोत्सव का भव्य समापन समारोह 13 अक्टूबर को होगा, जिसमें उत्तराखंड की मुख्यमंत्री गीता धामी मौजूद रहेंगी। वे महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार साझा करेंगी। इस अवसर पर देशभर से आए कारीगरों और पैनलिस्टों का भी अभिनंदन किया जाएगा।

Rishikesh News

RishikeshNews.com में हम उत्तराखण्ड और ऋषिकेश की ताज़ा खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सरल और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुँचाते हैं।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *