ऋषिकेश में मधुबन आश्रम की भव्य जगन्नाथ यात्रा

ऋषिकेश में मधुबन आश्रम की भव्य जगन्नाथ यात्रा, सैकड़ों भक्तों ने किया नृत्य

ऋषिकेश: नगर पालिका मुनि की रेती ढलवाला क्षेत्र में स्थित मधुबन आश्रम की ओर से इस वर्ष भी भव्य जगन्नाथ यात्रा का आयोजन किया गया। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की मनमोहक झांकियों के साथ निकली यह यात्रा कैलाश गेट से आरंभ होकर मंदिर, चंद्रभागा पुल, मुख्य बाजार और रेलवे रोड स्थित गुरुद्वारे तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

पूरे मार्ग में सैकड़ों कृष्ण भक्तों ने “हरे राम हरे कृष्ण” की धुन पर झूमते हुए नृत्य किया। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

इस यात्रा में न केवल उत्तराखंड बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से आए कृष्ण भक्तों और राम भक्तों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के साथ उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भी झांकी निकाली गई, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े ही उत्साह से निहारा।

सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

यात्रा मार्ग पर भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने फूल वर्षा कर भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा का स्वागत किया।

भक्ति और एकता का प्रतीक

जगन्नाथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भक्ति, प्रेम और एकता का संदेश देने वाला पर्व है। श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारों के साथ समाज में शांति और सद्भावना की कामना की।

Rishikesh News

RishikeshNews.com में हम उत्तराखण्ड और ऋषिकेश की ताज़ा खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सरल और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुँचाते हैं।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *