
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने एक विशालकाय अजगर देखा। करीब 18 फुट लंबा और 1 क्विंटल 75 किलो वजनी यह अजगर देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए।
ग्रामीणों ने तुरंत ही इसकी सूचना तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही अनुभवी स्नेक कैचर तालिब हुसैन और उनकी टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया।
डीएफओ तराई पश्चिमी के निर्देश पर अजगर को प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया ताकि वन्यजीवों के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखा जा सके।
ग्रामीणों ने बताया कि अजगर को आबादी क्षेत्र के पास देखा गया था, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की और सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़ने की कार्रवाई पूरी की।
स्नेक कैचर तालिब हुसैन ने बताया कि इतने बड़े आकार का अजगर बहुत ही कम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय अजगर (Indian Rock Python) प्रजाति का सांप है, जो आमतौर पर इंसान पर हमला नहीं करता और पर्यावरण के लिए उपयोगी होता है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी क्षेत्र में वन्यजीव या सांप दिखे तो उसे नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
सर्दियों के मौसम में तराई पश्चिमी क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है। विभाग ने लोगों को सतर्क और सावधान रहने की सलाह दी है। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम की तेजी और सतर्कता की सराहना की।







