ऋषिकेश: सुपरस्टार रजनीकांत इन दिनों उत्तराखंड की आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। शनिवार को वह अपने दोस्तों संग मुनि की रेती शीशमझाड़ी स्थित स्वामी दयानंद आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
आश्रम परिसर में रजनीकांत ने ध्यान साधना की और सायंकाल गंगा घाट पर आयोजित गंगा आरती में भी भाग लिया। उनकी मौजूदगी से श्रद्धालुओं और आश्रम के वातावरण में अलग ही ऊर्जा का संचार हुआ।
आश्रम प्रबंधक गुणानंद रयाल ने जानकारी दी कि रजनीकांत शनिवार सुबह करीब 11 बजे आश्रम पहुंचे थे। यहां उन्होंने स्वामी शुद्धानंद सरस्वती से भेंट कर आशीर्वाद लिया।
रविवार सुबह नाश्ते के बाद वह द्वाराहाट के लिए रवाना होंगे, जहां महा अवतार बाबा की प्रसिद्ध गुफा में दर्शन करेंगे। इसके बाद वह पंतनगर होते हुए दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।