
ऋषिकेश: मुनि की रेती (टिहरी गढ़वाल): खारा स्रोत क्षेत्र में खुले अंग्रेजी शराब के ठेके को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। ठेके से करीब 50 मीटर की दूरी पर प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे हुए हैं, और उन्होंने साफ कहा है कि जब तक ठेका यहां से हटाया नहीं जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे, आबकारी विभाग की टीम ने अनशन पर बैठे संदीप भंडारी और राजन बिष्ट को स्वास्थ्य कारणों के चलते एम्स ऋषिकेश भेजा। इसके बाद प्रशासन ने मौके से अनशनकारियों को हटाने की कार्रवाई की।
हालांकि, ठेका खुलने से नाराज लोगों का आक्रोश थमा नहीं। प्रदर्शनकारियों ने ठेके से करीब 50 मीटर दूर पुनः धरना शुरू कर दिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि खारा स्रोत क्षेत्र धार्मिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील जोन है, ऐसे में यहां शराब ठेका खुलना स्थानीय आस्थाओं और सामाजिक शांति के खिलाफ है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही ठेका नहीं हटाया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।







