
देहरादून: मोतीचूर फ्लाईओवर पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। हाल के गंभीर हादसों के बाद अब देहरादून जिला प्रशासन ने पूरे मामले की गहन जांच कराने का फैसला लिया है। जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई है, जो फ्लाईओवर पर बार-बार हो रही दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तृत पड़ताल करेगी।
फ्लाईओवर पर हादसों के कारणों की होगी जांच
गठित टीम में एसडीएम ऋषिकेश, क्षेत्राधिकारी (सीओ), एआरटीओ और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह टीम मौके का निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के पीछे के संभावित कारणों जैसे सड़क की बनावट, ट्रैफिक प्रबंधन, संकेतकों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अध्ययन करेगी।
क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल के अनुसार, मोतीचूर फ्लाईओवर पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। ऐसे में अब विस्तृत जांच के जरिए वास्तविक कारणों की पहचान की जाएगी और भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा उपायों के सुझाव तैयार किए जाएंगे।
हालिया हादसे के बाद बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि बीते रविवार रात फ्लाईओवर पर हुए एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। दुर्घटना के दौरान कई वाहनों में आग लग गई थी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए थे।
रिपोर्ट के आधार पर होंगे सुरक्षा इंतजाम
प्रशासन का कहना है कि जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद फ्लाईओवर पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। यदि जरूरत पड़ी तो ट्रैफिक प्रबंधन, संकेतक, स्पीड कंट्रोल और अन्य तकनीकी उपायों को भी लागू किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।







