
ऋषिकेश: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष का असर अब घरेलू बाजार तक पहुंचने लगा है। ऋषिकेश में कई गैस एजेंसियों पर पिछले छह दिनों से घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति नहीं पहुंची है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की कमी के कारण होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट संचालकों की चिंता भी बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार खाड़ी देशों से गैस की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण वितरण व्यवस्था पर असर पड़ा है। शहर की प्रमुख गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की लगातार पूछताछ जारी है और कई जगह सिलिंडरों का बैकलॉग भी बढ़ता जा रहा है।
कई एजेंसियों में नहीं पहुंचा गैस का ट्रक
त्रिवेणी इंडेन गैस एजेंसी के संचालक सुनील सेमवाल के अनुसार पिछले छह दिनों से एजेंसी में गैस का कोई ट्रक नहीं आया है। लोनी (गाजियाबाद) से आया पिछला ट्रक शनिवार को वितरित किया गया था।
मंगलवार दोपहर तक एजेंसी में 881 घरेलू और 250 व्यावसायिक सिलिंडरों की ऑनलाइन बुकिंग हो चुकी थी। लोग लगातार फोन कर गैस न आने का कारण पूछ रहे हैं।
वहीं आशुतोष नगर स्थित अंकुर गैस एजेंसी में आठ मार्च को तीन ट्रक गैस पहुंचे थे, जबकि मंगलवार को एक ट्रक आया। यहां करीब 743 सिलिंडरों का बैकलॉग बताया जा रहा है।
इंदिरानगर स्थित आशुतोष गैस सर्विस में भी रविवार और सोमवार को गैस की आपूर्ति नहीं हुई। मंगलवार को एक ट्रक गैस पहुंची, जिसे बुधवार को वितरित किया जाएगा। आम तौर पर यहां प्रतिदिन एक ट्रक यानी करीब 342 सिलिंडर आते थे।
उमा गैस और ऋषि गैस एजेंसी में भी आपूर्ति प्रभावित बताई जा रही है।
पूर्ति विभाग और पुलिस जुटा रहे जानकारी
शहर और आसपास की गैस एजेंसियों से रोजाना गैस आपूर्ति का विवरण पूर्ति विभाग की ओर से एकत्रित किया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई भी गैस की उपलब्धता और वितरण की जानकारी जुटाकर शासन को रिपोर्ट भेज रही है।
उधर गैस की कमी के चलते उपभोक्ता एजेंसियों में फोन कर रहे हैं और कई लोग सीधे एजेंसी पहुंचकर जानकारी ले रहे हैं।
गैस की कीमतों में भी बढ़ोतरी
गैस आपूर्ति में बाधा का असर कीमतों पर भी पड़ा है। सरकार ने घरेलू गैस सिलिंडर के साथ-साथ कमर्शियल सिलिंडरों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति कम होने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की परेशानी बढ़ गई है।
सिलिंडर बुकिंग का इंतजार बढ़ा
सरकार ने गैस सिलिंडर बुकिंग की अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी है। यानी अब उपभोक्ताओं को नया सिलिंडर बुक कराने के लिए पहले से ज्यादा इंतजार करना पड़ेगा।
डिलीवरी में भी हो रही देरी
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के बाद भी सिलिंडर की डिलीवरी चार से पांच दिन तक नहीं हो पा रही है। इससे घरेलू रसोई के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट के संचालन पर भी असर पड़ रहा है।
होटल कारोबारियों की बढ़ी चिंता
होटल एसोसिएशन ऋषिकेश के सचिव राजीव शर्मा का कहना है कि व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की कमी चिंता का विषय बनती जा रही है। यदि समय रहते आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा पर भी इसका असर पड़ सकता है।
वहीं होटल व्यवसायी हेमंत डंग का कहना है कि व्यावसायिक गैस की आपूर्ति बाधित होने से होटल संचालकों को वैकल्पिक साधनों से खाना बनाना पड़ रहा है, जिससे लागत बढ़ रही है और व्यवसाय प्रभावित हो सकता है।
अधिकारी ने क्या कहा
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के अनुसार कुछ एजेंसियों में घरेलू गैस की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है, जबकि जिन एजेंसियों में आपूर्ति प्रभावित है उसका कारण पता किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पीछे से कम आने के कारण समस्या उत्पन्न हुई है।





