
रायवाला: राजाजी टाइगर रिजर्व से सटे रायवाला क्षेत्र के खांड गांव में शनिवार तड़के एक गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। ग्रामीणों ने सुबह-सुबह गुलदार के गुर्राने की आवाज सुनी, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पिंजरे को कब्जे में लेकर रेंज परिसर पहुंचाया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार गुलदार को आवश्यक प्रक्रिया के बाद जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।
आबादी क्षेत्र में बढ़ी गुलदार की गतिविधियां
खांड गांव और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार अक्सर आबादी क्षेत्र के आसपास दिखाई दे रहे हैं। कई बार गुलदार की तस्वीरें गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं।
मवेशियों पर हमलों से बढ़ी चिंता
ग्रामीणों के अनुसार इलाके में गुलदारों की संख्या बढ़ती नजर आ रही है। वे अक्सर पालतू मवेशियों को अपना शिकार बना रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
स्थानीय प्रतिक्रिया
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो जान-माल के नुकसान का खतरा बढ़ सकता है।







