
देहरादून: देहरादून में आयोजित श्री झंडे जी मेले के तीसरे दिन मंगलवार को पारंपरिक नगर परिक्रमा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज की अगुवाई में निकली इस परिक्रमा में सुबह से ही बड़ी संख्या में संगत दरबार साहिब परिसर में एकत्रित हो गई थी।
गुरु की शरण में ही मिलता है सच्चा मार्ग
नगर परिक्रमा से पहले श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि गुरु की शरण में आकर ही मनुष्य को जीवन का सही मार्ग प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि गुरु की वाणी अमृत के समान होती है, जो मानव जीवन को पवित्र और सफल बनाती है।
उन्होंने आगे कहा कि भक्ति, सेवा और सत्कर्म मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जो व्यक्ति सच्चे मन से गुरु का स्मरण करता है, उस पर सद्गुरु की विशेष कृपा बनी रहती है।
इन मार्गों से होकर निकली नगर परिक्रमा
नगर परिक्रमा की शुरुआत दरबार साहिब से हुई। इसके बाद यह यात्रा सहारनपुर चौक, कांवली रोड, एसजीआरआर बिंदाल, तिलक रोड, चकराता रोड, घंटाघर और पलटन बाजार से होकर दोबारा श्री दरबार साहिब पहुंचकर सम्पन्न हुई।
रक्तदान शिविर में 200 यूनिट रक्तदान
इस दौरान एसजीआरआर बॉम्बेबाग में श्रद्धालुओं को गन्ने का प्रसाद भी वितरित किया गया। मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि नगर परिक्रमा दूनवासियों के लिए एक विशेष अवसर होता है, जब देश-विदेश से आई संगत उनके बीच होती है।
वहीं श्री दरबार साहिब परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और करीब 200 यूनिट रक्तदान किया गया।







