
ऋषिकेश: गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) की ओर से मुनि की रेती स्थित जीएमवीएन गंगा रिजॉर्ट में 16 से 22 मार्च तक सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में योग साधक और योगाचार्य भाग लेंगे, जिससे ऋषिकेश एक बार फिर वैश्विक योग केंद्र के रूप में आकर्षण का केंद्र बनेगा।
जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने गंगा रिजॉर्ट मुनि की रेती में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि महोत्सव का उद्घाटन 16 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक करीब 1400 योग जिज्ञासुओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण करा लिया है, जिनमें विदेशी प्रतिभागी भी शामिल हैं।
महोत्सव में लगभग 25 योग स्कूलों के छात्र और योगाचार्य भी भागीदारी करेंगे। योग सत्रों के साथ ही प्रतिभागियों को प्राकृतिक और आध्यात्मिक धरोहर से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
चौरासी कुटिया में हेरिटेज वॉक का अनुभव
महोत्सव के दौरान योग जिज्ञासुओं को राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत स्थित महर्षि महेश योगी की प्रसिद्ध भावातीत चौरासी कुटिया में हेरिटेज वॉक कराई जाएगी। यह स्थान विश्वभर में आध्यात्मिक साधना और योग परंपरा के लिए जाना जाता है।
सांस्कृतिक संध्याओं में लोक और भक्ति संगीत की प्रस्तुति
योग महोत्सव के दौरान शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में भजन सम्राट अनूप जलोटा, प्रसिद्ध गढ़वाली लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी सहित कई लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही महोत्सव में विशेष रूप से इस्कॉन नाइट का भी आयोजन किया जाएगा, जो प्रतिभागियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
योग को बढ़ावा देने के लिए क्रॉस कंट्री रेस
महोत्सव के दौरान योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन भी किया जाएगा। इस गतिविधि में योग जिज्ञासु और प्रतिभागी सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे।
महोत्सव का समापन 22 मार्च को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) द्वारा किया जाएगा।
देहरादून के पार्कों में शुरू हो सकती हैं योग गतिविधियां
जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने बताया कि निगम देहरादून के पार्कों में सुबह और शाम नियमित योग गतिविधियां शुरू करने की योजना बना रहा है। इसके लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण और नगर निगम से बातचीत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर के पार्कों में सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने आते हैं। ऐसे में यदि वहां योग सत्र आयोजित किए जाएं तो लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलने के साथ-साथ योग के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।






