
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक चोर हाई टेंशन लाइन की तार काटने के दौरान तेज करंट की चपेट में आ गया। घटना पिरान कलियर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पांडा गांव की है, जहां पांच चोर बिजली की तार चोरी करने पहुंचे थे।
करंट लगने से चोर झुलसा, बाकी साथी फरार
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात चोरों का गिरोह हाईटेंशन तार काटने पहुंचा था। इसी दौरान एक युवक खंभे पर चढ़कर तार काटने लगा। जैसे ही उसने चलती लाइन को काटा, तेज करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, और वह बुरी तरह झुलसकर खंभे पर लटक गया। वहीं उसके साथी यह देखकर मौके से भाग निकले।
बिजली कर्मचारियों ने देखा खंभे पर लटका युवक
इधर, बिजली आपूर्ति बाधित होने पर विभाग के कर्मचारी फॉल्ट चेक करने निकले। जब वे मोहम्मदपुर पांडा गांव के जंगल पहुंचे, तो उन्होंने एक युवक को तारों पर झूलता देखा। यह दृश्य देखकर कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। सूचना मिलते ही अधिकारियों और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
क्रेन से उतारा गया, हालत गंभीर
बिजली विभाग ने क्रेन बुलवाकर झुलसे हुए चोर को खंभे से नीचे उतारा और उसे अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई और हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही जांच
इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि ऊर्जा विभाग की ओर से लिखित तहरीर दी गई है। प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है, और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







