
रुड़की: पश्चिमी अंबर तालाब मोहल्ले में एक ही परिवार पर दो दिन में दो बड़ी त्रासदियां टूट पड़ीं। बुधवार देर रात घर में संदिग्ध आग लगने से युवक की मौत हो गई, जबकि गुरुवार को उसके अंतिम संस्कार में शामिल मामा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी चाचा फरार हो गया है और उसकी तलाश में टीमें लगी हैं।
आग में झुलसकर बेटे की मौत
जानकारी के मुताबिक पश्चिमी अंबर तालाब निवासी रजनीश पुंडीर बीड़ी और सिगरेट की सप्लाई का काम करते हैं। उनका अपनी पत्नी सुधा पुंडीर से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों अलग-अलग मकानों में रहते थे। रजनीश अपने बेटे कुणाल (25) के साथ रहते थे, जबकि सुधा कुछ ही दूरी पर अलग घर में रहती थीं।
बुधवार देर रात करीब ढाई बजे रजनीश के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से कुणाल गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि हादसा फ्रिज के कंप्रेसर फटने से हुआ, लेकिन पुलिस को घटना पर संदेह है और जांच जारी है।
अंतिम संस्कार के दौरान बढ़ा विवाद
गुरुवार को मृतक कुणाल के अंतिम संस्कार में उसकी मां सुधा का भाई सोनू चौहान (40) निवासी चिराऊ, थाना बडगांव, जिला सहारनपुर, अपनी पत्नी ममता और मां विमलेश के साथ रुड़की पहुंचे। सोनू अपनी बहन के साथ बेटे की मौत को लेकर सवाल उठा रहे थे, जिससे रजनीश का भाई विक्की नाराज़ हो गया।
शाम को अंतिम संस्कार के बाद जब सोनू अपने परिजनों के साथ घर लौट रहे थे, तभी विक्की ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सोनू के गले और सीने पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी ममता अपने पति को खून से लथपथ देखकर बेहोश हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सोनू को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इलाके में तनाव, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल और सीओ नरेंद्र पंत मौके पर पहुंचे। अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने हालात काबू में किए और आरोपी विक्की की तलाश में कई टीमों को रवाना किया।
सीओ नरेंद्र पंत ने बताया —
“फिलहाल दोनों पक्षों को समझाकर शांति स्थापित की गई है। अभी किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है।
तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।”







