
देहरादून। सहारनपुर चौक स्थित एक बैंक एटीएम बूथ के अंदर से शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कोरोनेशन अस्पताल में पहचान के लिए रखवा दिया गया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
एटीएम बूथ से आने लगी बदबू, तब खुला मामला
शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि सहारनपुर चौक पर आईडीबीआई बैंक के एटीएम से बदबू आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एटीएम बूथ खोलने पर देखा गया कि अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ था।
शव भेजा गया अस्पताल, जांच जारी
तुरंत एंबुलेंस बुलाकर शव को कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि एटीएम काफी समय से तकनीकी खराबी के कारण बंद रहता है, इसलिए वहां लोगों की आवाजाही बहुत कम थी।
नशे के कारण मौत की आशंका
प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि मृतक नशे का आदी व्यक्ति हो सकता है, जो संभवतः एटीएम बूथ में रात बिताने गया और वहीं उसकी मौत हो गई। चूंकि कई दिनों तक कोई एटीएम के अंदर नहीं गया, इसलिए घटना की जानकारी देर से मिली।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों की जांच कर रही है।







