
ऋषिकेश: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने गुरुवार को ऋषिकेश स्थित राजकीय उपजिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
दोपहर करीब एक बजे अस्पताल पहुंचे सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, इमरजेंसी वार्ड और आयुष्मान कार्ड काउंटर सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
ओपीडी कक्षों में व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डॉ. मनोज शर्मा ने ओपीडी कक्षों की व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कक्षों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही वहां रखे तौलियों को साफ-सुथरा रखने और चिकित्सकों के एप्रन नियमित रूप से स्वच्छ रखने के निर्देश भी दिए।
चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए शासन को भेजा जाएगा पत्र
अस्पताल में महिला चिकित्सा अधिकारी और स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी को लेकर सीएमओ ने कहा कि इस संबंध में शासन को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को जल्द दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. आनंद सिंह राणा, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अमित रौतेला और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रामकुमार सहित अस्पताल के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।






