
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देव सिंह मैदान में आयोजित सहकारिता मेले का उद्घाटन करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देना और सहकारी समितियों को मज़बूती प्रदान करना है। इस अवसर पर उन्होंने ₹8513.93 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
देव सिंह मैदान पहुंचने पर सीएम धामी का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया।
सहकारी समितियों को डिजिटल और सशक्त बनाने पर फोकस
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 5531 सहकारी समितियों में से 3811 को ऑनलाइन कर दिया गया है और 640 समितियों में सीएससी केंद्र संचालित हैं, जिससे ग्रामीणों और महिलाओं को सीधे लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इन समितियों को सशक्त कर रही है।
धामी ने कहा, “जब नीयत साफ हो, नीतियां स्पष्ट हों और जनता का विश्वास साथ हो, तब विकास अपने आप आगे बढ़ता है।” उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विकास की यह गति कुछ लोगों को रास नहीं आ रही, लेकिन सरकार पारदर्शिता और प्रगति के मार्ग पर दृढ़ता से चलती रहेगी।
₹8513 लाख की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ₹6198.38 लाख की योजनाओं का लोकार्पण और ₹2515.55 लाख की योजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, विधायक बिशन सिंह चुफाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
अवैध मदरसों पर कार्रवाई और शिक्षा में सुधार की दिशा में कदम
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में अवैध मदरसे अब संदिग्ध गतिविधियों के केंद्र नहीं रहेंगे। सरकार ने ऐसे मदरसों को ध्वस्त किया है और अब केवल शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम ही वैध मदरसों में पढ़ाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि में किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज और खेल सुविधाओं से सशक्त होगा सीमांत क्षेत्र
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन है, जहां जल्द ही सुपर स्पेशलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी। 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट सीमांत इलाकों के मरीजों के लिए राहत साबित होगा। इसके साथ ही बेड़ीनाग में ₹20 करोड़ की लागत से मिनी स्टेडियम बनेगा, जहां स्थानीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा निखार सकेंगे। नैनीसैनी एयरपोर्ट का भी ₹450 करोड़ से विस्तार किया जाएगा, जिससे हवाई कनेक्टिविटी और मज़बूत होगी।
मुनस्यारी में सुबह की चाय पर सीएम की आमजनों से बातचीत

मुख्यमंत्री धामी ने मुनस्यारी में अपने पुराने कॉलेज साथियों के साथ सुबह की सैर की और रोडवेज बस स्टेशन स्थित ‘हीरा टी स्टॉल’ पर गुड़ वाली चाय का आनंद लिया। इस दौरान बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्ण कुमार आर्या ने उनसे इनडोर हॉल की मांग की, जिस पर सीएम ने तुरंत सहमति जताई। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से मिलकर उनकी समस्याएं जानीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
लापता युवक मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने के निर्देश
मुनस्यारी में स्थानीय प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से पातों निवासी लापता युवक प्रदीप दरियाल के मामले में विशेष जांच दल (SIT) की मांग की। सीएम धामी ने एसपी रेखा यादव को 10 दिनों के भीतर एसआईटी गठित कर जांच पूरी करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान कई जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। तारा पांगती ने उत्तराखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प से निर्मित राज्य का लोगो उन्हें भेंट किया।







