
Bihar Intermediate Exam 2026: बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को नकल-मुक्त और अनुशासित तरीके से आयोजित कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सभी जिलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। परिषद ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दिन समय का पालन हर परीक्षार्थी के लिए अनिवार्य होगा। तय समय के बाद परीक्षा केंद्र पहुंचने वाले छात्रों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परिषद ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई परीक्षार्थी देर से पहुंचने के बावजूद जबरन या अवैध तरीके से परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समय से परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य
निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी कारण से देर से पहुंचने वाले छात्र को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जबरन प्रवेश को माना जाएगा अपराध
परिषद ने साफ किया है कि गेट बंद होने के बाद दीवार कूदकर, जबरदस्ती गेट खोलकर या किसी अन्य गलत तरीके से परीक्षा परिसर में घुसने की कोशिश करना गंभीर अपराध माना जाएगा। ऐसे मामलों को परीक्षा की निष्पक्षता के साथ खिलवाड़ माना जाएगा।
छात्र और केंद्र अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
यदि कोई परीक्षार्थी नियमों का उल्लंघन करते हुए जबरन परीक्षा में शामिल होता पाया गया, तो उसे दो वर्षों के लिए परीक्षा से निष्कासित किया जाएगा और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही, यदि किसी परीक्षा केंद्र पर ऐसे छात्र को परीक्षा में बैठने दिया गया, तो संबंधित केंद्राधीक्षक और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिषद ने सभी छात्रों और परीक्षा केंद्रों से निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा सके।







