
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। दिन में भले ही धूप खिली हुई है और ठंड का असर कम महसूस हो रहा है, लेकिन आने वाले दो से तीन दिनों में प्रदेश की रातें सर्द होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
दिन का तापमान बढ़ा, रातें हुई ठंडी
पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड के अधिकांश इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ा है। धूप खिलने से दिन में मौसम सुहावना महसूस हो रहा है। वहीं, रात के समय ठंडी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री कम रिकॉर्ड किया जा रहा है। यही कारण है कि सुबह और रात के वक्त ठंड का अहसास तेजी से बढ़ रहा है।
19 नवंबर तक रहेगा शुष्क मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी बनी रहने के कारण पर्वतीय इलाकों में ठिठुरन महसूस की जाएगी।
देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और टिहरी जैसे जिलों में सुबह-शाम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं मैदानी इलाकों जैसे रुद्रपुर, हरिद्वार और ऋषिकेश में दिन के समय हल्की गर्माहट बनी रहेगी, लेकिन रातें ठंडी रहेंगी।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के चलते रात में गर्म कपड़ों का उपयोग करें और बच्चों व बुजुर्गों को ठंडी हवाओं से बचाने के उपाय करें। किसानों को भी सुबह के समय खेतों में ओस जमने की स्थिति में फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।






