
उत्तरकाशी: लंबगांव राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक अनियंत्रित बोलेरो कार ने घर के आंगन में बैठी महिला को टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी
घटना शुक्रवार सुबह मानपुर क्षेत्र की है। यहां रेखा मेहर (42) पत्नी कीर्ति मेहर अपने घर के आंगन में धूप सेंक रही थीं। इसी दौरान उत्तरकाशी से चौरंगी की ओर जा रहा एक बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और घर की बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए सीधे महिला को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेखा मेहर गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने हादसे के लिए लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो चालक को मौके से हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, हादसे की जांच की जा रही है और वाहन की तकनीकी स्थिति भी परखी जाएगी।







