
ऋषिकेश: लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के मस्तराम घाट पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। चंडीगढ़ निवासी बीबीए का छात्र कुनाल वर्मा गंगा में नहाते समय तेज धारा में बह गया। वह अपने चार दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। घटना की सूचना पर एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया, जो देर रात तक जारी रहा।
गंगा में बहा चंडीगढ़ का छात्र
मंगलवार शाम करीब 5 बजे SDRF को सूचना मिली कि मस्तराम घाट पर नहाते समय एक युवक गंगा की तेज धारा में बह गया है। सूचना पर ढालवाला से SDRF इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रेस्क्यू उपकरणों और स्कूबा डाइविंग सेट के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पहचान हुई कुनाल वर्मा के रूप में
पुलिस और SDRF के अनुसार, डूबे युवक की पहचान 20 वर्षीय कुनाल वर्मा पुत्र सुरेश वर्मा निवासी जीरकपुर (चंडीगढ़) के रूप में हुई है। वह बीबीए तृतीय वर्ष का छात्र था और अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया हुआ था। शाम को सभी दोस्त मस्तराम घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे, जहां अचानक कुनाल का संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में बह गया।
SDRF की ओर से चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन
इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि SDRF टीम ने
“डीप डाइविंग तकनीक और रेस्क्यू बोट की मदद से सर्च अभियान शुरू किया है। गोताखोरों ने गंगा की गहराई, प्रवाह और दृश्यता को ध्यान में रखते हुए खोजबीन जारी रखी है।”
हालांकि अंधेरा बढ़ने और तेज प्रवाह के कारण सर्च ऑपरेशन को देर रात अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। टीम ने बताया कि बुधवार सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा।
गंगा की तेज धारा बनी चुनौती
टीम के अनुसार, गंगा का जलस्तर इन दिनों सामान्य से अधिक है। तेज बहाव, गहराई और दृश्यता की कमी के कारण SDRF को सर्चिंग में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
गंगा स्नान के दौरान फिर हादसा
ऋषिकेश में गंगा किनारे मस्तराम घाट, त्रिवेणी घाट और नीम बीच जैसे स्थानों पर हर साल कई पर्यटक और स्थानीय लोग नहाने के दौरान गहरे पानी में फंस जाते हैं। प्रशासन की ओर से लगातार चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग लगाए गए हैं, फिर भी पर्यटक असावधानी के चलते खतरे में पड़ जाते हैं।
Rishikesh News लगातार SDRF के सर्च ऑपरेशन की अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा। कृपया गंगा में नहाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और निर्धारित सीमाओं से आगे न जाएं।
📩 यदि आपके पास इस घटना से जुड़ी जानकारी या फोटो हैं, तो भेजें — rishikeshnews.com@gmail.com







