
पौड़ी गढ़वाल। खिर्सू क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब छह बजे उस समय हड़कंप मच गया जब एक भालू ने दो युवकों पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह दोनों युवकों को बचाया। घटना में घायल युवकों को तुरंत बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली जानवरों के आतंक से राहत देने की मांग की है।
सुबह एक्सरसाइज कर रहे युवकों पर किया हमला
घटना खिर्सू के माथीगांव की है, जहां आदर्श पुत्र विक्रम सिंह और आकाश सिंह पुत्र भागेश सिंह, जो कठूली गांव के रहने वाले हैं, फिलहाल रोजगार और शिक्षा के लिए खिर्सू में रह रहे हैं। दोनों युवक सुबह की एक्सरसाइज और अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान विजेंद्र सिंह के घर के सामने मुख्य मार्ग पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को भगाया और तुरंत घायलों को श्रीनगर बेस अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति अब खतरे से बाहर है।
लगातार बढ़ रही है जंगली जानवरों की गतिविधि
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं।
गांव के लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर वन विभाग ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, मिलेगा मुआवजा
पौड़ी रेंज नागदेव के वन दरोगा जगदीश नेगी ने बताया कि घटना की प्राथमिक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि घायल युवकों को मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुआवजा प्रदान किया जाएगा और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।







