
देहरादून। जौलीग्रांट थानो वन रेंज क्षेत्र में सोमवार सुबह कालूसिद्ध मंदिर के पीछे सौंग नदी से एक सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग सुबह नदी किनारे लकड़ियां बीनने गए थे। इस दौरान उन्हें नदी से तेज दुर्गंध आने लगी। जब वे पास पहुंचे तो देखा कि सौंग नदी के किनारे एक सड़ी-गली लाश पड़ी हुई है। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
बीडीसी सदस्य पंकज रावत ने बताया कि शव काफी पुराना लग रहा है। संभावना जताई जा रही है कि 15–16 सितंबर को जब सौंग नदी में उफान आया था और देहरादून में भारी बारिश व आपदा की स्थिति बनी थी, उसी दौरान यह शव कहीं से बहकर यहां आ गया होगा।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि शव किसी बुजुर्ग व्यक्ति का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचने की प्रतीक्षा में है। टीम के पहुंचने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।







