
देहरादून। राजधानी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शुक्रवार सुबह मसूरी क्षेत्रीय वन प्रभाग की टीम ने देहरादून आईटी पार्क में छापा मारकर अवैध रूप से पेड़ कटान की लकड़ी से भरी एक गाड़ी को जब्त किया। वाहन को सीज कर कानूनी कार्रवाई के लिए कोर्ट भेज दिया गया है। खुलेआम लकड़ी तस्करी की इस घटना से विभाग में हड़कंप मच गया।
अवैध लकड़ी बरामद, चालक के पास नहीं थे कागजात
मसूरी वन प्रभाग की टीम नियमित गश्त पर थी, तभी आईटी पार्क के पास उन्हें संदिग्ध वाहन दिखाई दिया। जांच के दौरान वाहन में तुन के पेड़ की लकड़ी के 12 से अधिक गिल्ट बरामद किए गए।
उप वन क्षेत्र अधिकारी रायपुर रेंज वीरेंद्र दत्त जोशी ने बताया —
“हमारी टीम जब देहरादून आईटी पार्क क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी यह वाहन पकड़ा गया। वाहन चालक कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। उसने दावा किया कि यह लकड़ी उसकी निजी भूमि से काटी गई है, लेकिन उसके पास किसी तरह की वन विभाग की अनुमति नहीं थी। इसलिए वाहन को जब्त कर रायपुर रेंज कार्यालय लाया गया और आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद कोर्ट भेज दिया गया।”
बिना अनुमति काटा गया था पेड़
जोशी ने बताया कि बरामद लकड़ी अवैध रूप से काटे गए तुन के पेड़ की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि —
“यदि कोई व्यक्ति अपनी निजी भूमि से भी तुन या किसी अन्य प्रजाति का पेड़ काटना चाहता है, तो उसे पहले वन विभाग से अनुमति लेनी होती है। आवेदन के बाद विभाग संबंधित पेड़ से संभावित नुकसान और पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन करता है। अनुमति के बिना किया गया कटान अवैध माना जाता है।”
महिला वनकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को महिला वनकर्मियों ने अंजाम दिया। जोशी ने बताया कि इस टीम में वन बीट अधिकारी रेखा नेगी, सहायक कर्मचारी कुंदन सिंह, और अन्य वनकर्मी शामिल थे। उन्होंने कहा —
“यह कार्रवाई हमारी महिला वनकर्मियों द्वारा की गई है, जो अपने आप में बहुत सराहनीय और प्रेरणादायक उदाहरण है। यह साबित करता है कि महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।”







