
ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश में छठ महापर्व की तैयारियाँ जोरों पर हैं। सूर्य उपासना के इस पावन पर्व के लिए गंगा घाट दुल्हन की तरह सज रहे हैं, और बिहार एवं पूर्वांचल की महिलाएं उत्साह के साथ छठ पूजा की तैयारी में जुटी हैं।
त्रिवेणी घाट, मुखर्जी मार्ग और आसपास के बाजार छठ पूजा की सामग्री से सजे हैं। दुकानों पर पूजा की थाल, सूप, दउरा, मिट्टी के दीये, ढक्कन, गन्ना और फल-सब्जियों की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सुभाष चौक पर पूजन सामग्री बेच रहे दुकानदार बंटी ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में बाजार में अधिक रौनक है।
साड़ियों और पारंपरिक व्रत सामग्री की खरीदारी में भी महिलाओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। घाटों पर पूजा बेदी सजाई जा रही हैं और नगर निगम की ओर से घाटों की सफाई व्यवस्था में तेजी लाई गई है। सफाईकर्मी घाटों की सफाई में लगे हैं ताकि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
त्रिवेणी घाट पर छठ व्रतियों और भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।







