
हरिद्वार: एक बार फिर जंगली जानवरों का रिहायशी इलाकों में घुसना लोगों के लिए खतरा बनता जा रहा है। ताजा मामला रोशनाबाद के कोर्ट परिसर का है, जहां देर रात एक जंगली हाथी अचानक पहुंच गया। हाथी को देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए।
बताया जा रहा है कि हाथी कुछ देर तक कोर्ट परिसर में घूमता रहा और इस दौरान उसने मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे लोहे के गेट को तोड़ने की कोशिश की। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से आसपास के इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। रात के समय हाथियों के आने से लोग दहशत में हैं। वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की जा रही है।







