
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में आज दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। मां यमुना की डोली जैसे ही अपने मायके खरसाली पहुंची, वैसे ही यमुनोत्री धाम और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई।
खरसाली, जानकीचट्टी, नारायणपुरी और फूलचट्टी क्षेत्रों में करीब एक घंटे तक तेज बारिश और ओलों की बौछारें जारी रहीं। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से ठंड में इजाफा हो गया है।
बारिश और ओलावृष्टि के चलते मां यमुना की डोली के साथ लौट रहे श्रद्धालु जगह-जगह रुकने को मजबूर हो गए। कई श्रद्धालु आश्रयों और धर्मशालाओं में ठहर गए हैं।
वहीं, बदरीनाथ धाम में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है, जबकि आसपास की ऊंची चोटियों पर सीजन की शुरुआती बर्फबारी देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है।







