
देहरादून: राजधानी देहरादून के आराघर टी-जंक्शन पर आज तड़के लगभग 3:45 बजे एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब पिकेट/चेकिंग ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल सुगनपाल, कांस्टेबल सचिन और कांस्टेबल कमला प्रसाद वाहन चेकिंग कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तीनों पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल 108 एम्बुलेंस द्वारा नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से वार्ता कर सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कैंट और डालनवाला थाना प्रभारी को घायलों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी वाहन चालक की पहचान कर गिरफ्तारी कर ली। आरोपी का नाम मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर (निवासी: 1 EC रोड, डालनवाला) बताया गया है। आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और घटना में प्रयुक्त वाहन Mahindra Thar (UK07 FW1002) को जब्त कर लिया गया।
एसएसपी देहरादून ने कहा कि इस घटना में शामिल वाहन चालक के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और पुलिस इस तरह के हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगी। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।





