यमकेश्वर: लंबे समय से लंबित बीन नदी पुल निर्माण कार्य को शुरू करवाने के लिए अब जन आंदोलन का ऐलान हो गया है। उत्तराखंड नव निर्माण सेना के महासचिव विलास गौड़ ने घोषणा की है कि 8 अक्टूबर सुबह 10 बजे क्षेत्रीय जनता के साथ जन प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
पहले 5 अक्टूबर को था प्रस्तावित कार्यक्रम
इस प्रदर्शन का आयोजन पहले 5 अक्टूबर को किया जाना था, लेकिन UKSSSC पेपर लीक आंदोलन में व्यस्तता के चलते इसकी तिथि आगे बढ़ा दी गई। अब संगठन ने नई तारीख 8 अक्टूबर तय की है।
हजारों ग्रामीणों को होगा लाभ
बीन नदी पुल का निर्माण लंबे समय से क्षेत्रीय जनता की प्रमुख मांग रही है। इस पुल के बनने से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। न केवल आवागमन में सुगमता आएगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी।
जन समर्थन पर टिकी उम्मीदें
नव निर्माण सेना का कहना है कि यह आंदोलन जनता की ताकत को दिखाने का माध्यम बनेगा। यदि बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं तो सरकार पर दबाव बढ़ेगा और पुल निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सकता है।