
देहरादून: बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में दर्शन को लेकर उठे सनातन एफिडेविट विवाद में अब नया मोड़ आ गया है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने बढ़ते सियासी विवाद के बीच अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि हलफनामे (एफिडेविट) की व्यवस्था सामान्य नियम नहीं है।
“सारा अली खान का केस अलग” – बीकेटीसी
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि एफिडेविट की बात केवल अभिनेत्री सारा अली खान के विशेष मामले से जुड़ी है।
उन्होंने कहा कि सारा अली खान पहले से ही सनातन परंपरा में आस्था रखती हैं। उनकी माता हिंदू हैं और वह अपने माथे पर त्रिपुंड लगाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त करती रही हैं, इसलिए उनका मामला अलग माना गया है।
अन्य गैर सनातनियों के लिए प्रवेश वर्जित
बीकेटीसी ने यह भी साफ कर दिया कि अन्य गैर सनातनियों के लिए बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इस बयान के बाद इस मुद्दे पर चल रही राजनीतिक बहस को नया आयाम मिल गया है।
विवाद के बीच साफ किया रुख
गौरतलब है कि पहले एफिडेविट की शर्त को लेकर काफी विवाद हुआ था और इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई थी। अब बीकेटीसी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि यह कोई सामान्य नियम नहीं बल्कि एक विशेष परिस्थिति से जुड़ा मामला था।







